November 21, 2026 2:54 am

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी, कुमारी सैलजा का BJP सरकार पर हमला, कहा – उत्तराखंड में हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला

बेरीनाग। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बेरीनाग में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार, महिला अपराध, कानून व्यवस्था, जमीनों की खरीद-फरोख्त और धार्मिक स्थलों में चढ़ावे की कथित चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता सरकार से त्रस्त है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।

बेरीनाग पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुमारी सैलजा का छोलिया नृत्य के साथ स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने नगर में रैली निकालकर लोगों का अभिवादन किया और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। सैलजा ने कहा कि धामी सरकार ने उत्तराखंड को लूट लिया है और प्रदेश में हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

महिला अपराधों का मुद्दा उठाते हुए सैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्याय को लेकर जनता के मन में अब भी सवाल हैं। जौलजीबी प्रकरण को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर विधायक हरीश धामी की आवाज दबाने और मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य को निशाने पर लेते हुए विभाग में 210 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जब राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं तो दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

आर्य ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला भी उठाया और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता के बजाय अमीरों के हितों को साध रही है। मुख्यमंत्री पर प्रदेश की जमीनों की खरीद-फरोख्त और संसाधनों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य उत्तराखंड को लूटना है, क्योंकि उन्हें दोबारा सत्ता में आने का भरोसा नहीं है।

इससे पहले कुमारी सैलजा ने बेरीनाग में आंदोलन कर रहे व्यापारियों से मुलाकात कर उनके आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर व्यापारियों की मांगें एक महीने के भीतर पूरी की जाएंगी।

22 नवंबर को देहरादून में बैठक

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा पांच दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंची हैं। 22 नवंबर को देहरादून में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगी। इस दौरान अब तक हुए दौरों की समीक्षा के साथ उन जिलों में प्रस्तावित कार्यक्रमों पर भी विचार किया जाएगा, जहां उनका दौरा अभी बाकी है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें