November 7, 2026 9:45 pm

13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन, CM धामी ने की तैयारियों की समीक्षा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सम्मेलन का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। राज्य के विकास में उनके अनुभव, विशेषज्ञता और सुझावों का लाभ लिया जाना चाहिए। यह सम्मेलन प्रवासियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने अधिकारियों को प्रवासियों के साथ सार्थक संवाद की व्यवस्था करने और उनके सुझावों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। साथ ही निवेश, स्वरोजगार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान की संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और यातायात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय और प्रत्येक व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि सम्मेलन दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानन्द सभागार में आयोजित होगा। इसमें विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों की भूमिका और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। ‘विकसित उत्तराखण्ड में प्रवासियों की भूमिका’ विषय पर विशेष सत्र होगा। इसके अलावा ‘हौसलों की उड़ान : उत्तराखण्ड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तक’ विषय पर भी संवाद आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल प्रवासियों को एक मंच पर लाना नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के साथ उनका स्थायी और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना भी है। उन्होंने आयोजन को सार्थक और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु और आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखण्ड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष पूरन चन्द्र नैलवाल और ओम प्रकाश भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, युगल किशोर पंत, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, जिलाधिकारी आशीष चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें