देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पलटवार किया है। शाह ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और अपने कार्यकाल में शुक्रवार की नमाज के लिए छुट्टी का प्रस्ताव लाने का आरोप लगाया था। इस पर रावत ने चुनौती देते हुए कहा कि अमित शाह जुम्मे की छुट्टी या किसी भी घोटाले का प्रमाण दे दें, वह राजनीति छोड़ देंगे।
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि अमित शाह ने अपने संबोधन में उन्हें संदर्भित करते हुए कई ऐसी बातें कहीं, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि शाह के संबोधन के दौरान मौजूद लोगों ने भी उनके आरोपों का तालियों से समर्थन नहीं किया। रावत ने इसे इस बात का संकेत बताया कि उनकी बातों को वहां मौजूद लोग भी सच नहीं मान रहे थे।
सचिवालय और भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी दिया जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री ने सचिवालय को कमीशन का अड्डा बताए जाने के आरोप पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सचिवालय में काम सेवा भाव से हो रहा है और सरकार के मंत्री भी इसी भावना से काम कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने एक मंत्री के पति के कथित बयान और मंत्री के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले का जिक्र किया। रावत ने दावा किया कि इस मामले में उच्च न्यायालय ने केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने का आदेश दिया है, लेकिन राज्य सरकार इसकी अनुमति नहीं दे रही है।
रावत ने भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि यदि वह घोटालों की चर्चा शुरू करेंगे तो भाजपा के हर कार्यालय में ऐसे मामले मिलेंगे। उन्होंने अमित शाह को चुनौती दी कि वह किसी एक घोटाले को प्रमाण सहित साबित कर दें। उन्होंने कहा कि जुम्मे की छुट्टी का भी प्रमाण दे दिया जाए तो वह राजनीति छोड़ने के साथ ही प्रदेश और देश की जनता से माफी मांगेंगे।
स्टिंग ऑपरेशन को लेकर भी भाजपा पर निशाना
हरीश रावत ने शराब और स्टिंग ऑपरेशन से जुड़े आरोपों पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने दावा किया कि स्टिंग ऑपरेशन भाजपा और उसके लोगों ने कराए थे। रावत ने मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उनके संरक्षण में ये स्टिंग ऑपरेशन हुए। उन्होंने भाजपा पर जनकल्याणकारी नीतियों के बजाय स्टिंग करने वालों का सहारा लेने का आरोप लगाया।
रावत ने तंज कसते हुए कहा कि स्टिंग करने वाले और स्टिंग की राजनीति भाजपा को मुबारक है। उन्होंने अमित शाह के आरोपों को भी निराधार बताते हुए पलटवार किया।












