November 6, 2026 9:49 pm

अमित शाह ने मांगा उत्तराखंड में हैट्रिक का आशीर्वाद, कहा – इस बार 65 पार का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी भाजपा, धामी सरकार की तारीफ की, विपक्ष को घेरा

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा। देहरादून के परेड ग्राउंड में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। शाह ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का लक्ष्य 65 से अधिक सीटें हासिल करना बताया।

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ की और प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां चारों धाम के साथ बाबा केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगा और यमुना जैसे पवित्र धाम और नदियां हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार भी प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।

अटल ने बनाया उत्तराखंड, मोदी संवार रहे हैं

राज्य गठन के संघर्ष को याद करते हुए शाह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तराखंड की भोली-भाली जनता पर अत्याचार किए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने नौ नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य का गठन कर वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया। उन्होंने रामपुर तिराहा सहित राज्य आंदोलन के दौरान हुए संघर्षों का भी उल्लेख किया।

शाह ने कहा कि उत्तराखंड बनाने में भाजपा की अहम भूमिका रही है। अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसे संवार रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2047 तक उत्तराखंड देश के सबसे पहले विकसित राज्यों में शामिल होगा।

राहुल गांधी की यात्रा को बताया घुसपैठिया बचाओ यात्रा

कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के पर्यटन से उत्तराखंड की राजनीति पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। भाजपा के हजारों कार्यकर्ता प्रदेश की समस्याओं को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने राहुल गांधी की वोट बचाओ यात्रा को घुसपैठिया बचाओ यात्रा करार दिया। शाह ने कहा कि राहुल गांधी का झूठा नैरेटिव देश की जनता स्वीकार नहीं कर रही है।

यूसीसी और नकल विरोधी कानून का किया जिक्र

अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता को जमीन पर उतारने वाला देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने तीन तलाक और हलाला का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड के रास्ते पर अब दूसरे राज्य भी आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात भी उन्होंने कही। शाह ने नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए इन्हें राज्य सरकार के महत्वपूर्ण कदम बताया।

हरीश रावत के कार्यकाल पर लगाए आरोप

कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि पार्टी ने उत्तराखंड के गठन का विरोध किया था। कांग्रेस के शासन में प्रदेश को मनीऑर्डर अर्थव्यवस्था और पलायन के भरोसे छोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियों के कारण पहाड़ का पानी और जवानी पहाड़ के काम नहीं आ सकी।

शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कें नहीं बनती थीं, जबकि भाजपा सरकार ने सीमांत इलाकों तक सड़क संपर्क मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाओं की सुरक्षा मजबूत हुई है। भारत की ओर आंख उठाने वालों को सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से जवाब दिया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने हरीश रावत के कार्यकाल का जिक्र करते हुए स्टिंग प्रकरण, सचिवालय में कमीशनखोरी, छात्रवृत्ति घोटाले और शराब नीति से जुड़े मामलों को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाए। उन्होंने शुक्रवार की नमाज के लिए छुट्टी का प्रस्ताव लाने और राम मंदिर का विरोध करने का आरोप भी कांग्रेस पर लगाया।

2017 में 57 और 2022 में 47 सीटें, अब 65 पार का लक्ष्य

अमित शाह ने भाजपा की पिछली चुनावी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 46 प्रतिशत मतों के साथ 57 सीटें मिली थीं। वर्ष 2022 में 44 प्रतिशत मतों के साथ भाजपा ने 47 सीटें हासिल कीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और अब उत्तराखंड में भी हैट्रिक लगाने का लक्ष्य है। इस बार पार्टी 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेगी।

शाह ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड को सुरक्षित सीमांत राज्य और देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता में आई तो मुस्लिम विश्वविद्यालय की बात करेगी, जबकि भाजपा सरकार अवैध मजारों और मदरसों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

और पढ़ें