देहरादून। कांग्रेस के चार नवंबर से शुरू होने जा रहे ‘भूमि बचाओ-धामी हटाओ’ अभियान को लेकर भाजपा ने पलटवार किया है। कांग्रेस जहां प्रदेश सरकार पर सरकारी जमीनों के बंदरबांट का आरोप लगाते हुए अभियान चलाने जा रही है, वहीं भाजपा ने इसे राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश करार दिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक विनोद चमोली ने कहा कि जनता की जमीन भाजपा बचा रही है और कांग्रेस को अपनी राजनीतिक जमीन बचाने की चिंता है।
विनोद चमोली ने कांग्रेस के अभियान पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भूमाफिया संस्कृति को जन्म देने और उसे बढ़ावा देने का काम कांग्रेस सरकारों ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने सख्त भू-कानून लागू किया और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर हजारों एकड़ जमीन को बचाया है।
कांग्रेस सरकारों पर लगाए भूमि घोटालों के आरोप
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार के कार्यकाल में भूमि खरीद के अवैध तरीकों को कारोबार बनाने से लेकर कई बड़े घोटाले सामने आए थे। ऐसे में कांग्रेस को भूमि बचाओ अभियान चलाने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की मंशा प्रदेश में हो रहे निवेश, रोजगार के बढ़ते अवसरों और पर्यटन सहित विकास कार्यों को बाधित करने तथा बदनाम करने की है।
चमोली ने धौलास में मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की कांग्रेस सरकारों की कथित कोशिशों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां जिस जमीन पर प्लॉटिंग हुई, वह पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एनडी तिवारी के कार्यकाल में शेखुल्ल एजुकेशनल ट्रस्ट को आवंटित की गई थी। उनके अनुसार करीब 20 एकड़ जमीन ट्रस्ट को सस्ती दरों पर दी गई थी। बाद में जमीन की प्लॉटिंग कर 15 लोगों को बेचा गया और आगे चलकर लगभग 80 लोगों को आवंटित किया गया।
कांग्रेस की राजनीतिक जमीन खिसकने का किया दावा
विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस का भूमि बचाओ अभियान उत्तराखंड की जमीन बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में ही जमीनों का दुरुपयोग हुआ। चमोली ने दावा किया कि जनता का समर्थन भाजपा के साथ है और पार्टी प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नारों और आरोपों के जरिए लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता उसे माफ नहीं करेगी।












