देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी की एलन मस्क को लेकर की गई टिप्पणी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी ताकतों के प्रभाव में आकर देश में अव्यवस्था का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी को निर्धारित नियमों व प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए।
धामी ने कहा कि एलन मस्क को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी से कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने विदेशी कंपनियों और व्यक्तियों के साथ मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत में किसी भी प्रकार का लाइसेंस लेने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी व्यवस्था से पहले देश की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
एसआईआर के विरोध पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने एसआईआर के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों पर कहा कि यदि किसी के पास कोई तथ्य या सबूत हैं, तो उन्हें सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत चल रही है, लेकिन कुछ लोग बार-बार व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास करते हैं।
धामी ने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों का उद्देश्य देश में अराजकता का माहौल बनाना है। उन्होंने नागरिक अधिकारों से जुड़े संगठन सीजेपी का उल्लेख करते हुए भी आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी ताकतों के प्रभाव में काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है। उनके मुताबिक, नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ही किसी भी मुद्दे पर अपनी बात रखी जानी चाहिए।












