देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में सहकार भारती उत्तराखंड की ओर से आयोजित लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया। उन्होंने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन किया।
सहकारिता से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
धामी ने कहा कि सहकारिता को मजबूत बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सहकारिता पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।
उन्होंने कहा कि पैक्स राज्य की सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। बदलती जरूरतों के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम और प्रभावी बनाया जा रहा है। इनके माध्यम से किसानों को बेहतर सुविधाएं, युवाओं को नए अवसर और ग्रामीण क्षेत्रों को आर्थिक मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है।
नेतृत्व प्रशिक्षण से मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी बनाने के लिए कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। इसी उद्देश्य से नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रशिक्षण केवल जानकारी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व को नई सोच, कार्यदृष्टि और दिशा देने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि सरकार सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए काम कर रही है। प्रयास है कि सहकारिता का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर व्यक्ति विकास की प्रक्रिया में सहभागी बने।
पंतनगर से सहकारिता को नई ऊर्जा
धामी ने कहा कि पंतनगर की ज्ञानभूमि से सहकारिता को नई दिशा देने वाली कई पहल शुरू हुई हैं। सहकार ग्रंथ का लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ की पहल, सहकारिता से जुड़े नए पाठ्यक्रम, युवाओं को जोड़ने के लिए सामाजिक माध्यम अभियान और एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण जैसी पहलें इस क्षेत्र को नई ऊर्जा देंगी।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता को जन-जन की शक्ति बनाकर गांवों को सशक्त करने, युवाओं को अवसर देने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना होगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी समेत अन्य पदाधिकारी व अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।











