September 15, 2026 1:46 pm

चार वीर शहीदों की याद में बनेंगे स्मारक और शहीद द्वार, सरकार ने दी वित्तीय मंजूरी

देहरादून। देश की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड के चार वीर सपूतों की स्मृति में शहीद स्मारक और शहीद द्वार बनाए जाएंगे। सरकार ने इनके निर्माण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। पौड़ी और टिहरी जिलों में चार अलग-अलग स्थानों पर इनका निर्माण किया जाएगा।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के हित में लगातार निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है और यहां सैन्य धाम का निर्माण भी किया जा रहा है।

स्वीकृति के अनुसार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के शहीद विनोद पाल सिंह की स्मृति में टिहरी जिले के बालगंगा क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव कैपर्स बारसार में शहीद स्मारक और शहीद द्वार बनाया जाएगा। पैराट्रूपर शहीद अमित कुमार अग्रवाल की स्मृति में पौड़ी जिले के कल्जीखाल क्षेत्र के कोला-सिल्डी गांव में शहीद द्वार का निर्माण होगा।

इसी तरह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के शहीद नायक भरत सिंह की स्मृति में पौड़ी जिले के रिखणीखाल क्षेत्र स्थित ग्राम बूंगा मल्ला में शहीद स्मारक बनाया जाएगा। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के शहीद सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह की स्मृति में टिहरी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र के ग्राम कोटी में शहीद स्मारक का निर्माण किया जाएगा।

गणेश जोशी ने कहा कि ये स्मारक और शहीद द्वार केवल निर्माण नहीं, बल्कि वीर सपूतों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति के स्थायी प्रतीक होंगे। इनके माध्यम से युवा पीढ़ी को शहीदों की गौरवगाथा जानने और राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण की जिम्मेदारी सरकार के साथ पूरे समाज की भी है। प्रदेश सरकार भविष्य में भी शहीदों की स्मृतियों को संजोने और उनके परिवारों के हित में कार्यों को प्राथमिकता देती रहेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें