September 13, 2026 12:09 pm

हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले पर कांग्रेस का पलटवार, नितिन नवीन के बयान पर गोदियाल ने साधा निशाना

देहरादून। हल्द्वानी के कथित शुद्धिकरण मामले को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नितिन नवीन के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि धर्म, जाति और संप्रदाय के नाम पर देश को बांटने की राजनीति करने वाली भाजपा को विभाजन की राजनीति पर कांग्रेस को ज्ञान देने का नैतिक अधिकार नहीं है।

गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि पर आकर इस तरह की विभाजनकारी बयानबाजी करना भाजपा की संकीर्ण सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने नफरत की राजनीति के खिलाफ कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से मुंबई तक लंबी पदयात्राएं कर देश को एकजुट करने, आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया है। इसके बावजूद भाजपा पर लगातार नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी पिछड़ों, दलितों और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जातिगत जनगणना की मांग कर रहे हैं, लेकिन भाजपा नेतृत्व को इसमें भी देश के बंटवारे की राजनीति नजर आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति का आधार ही बंटवारा और ध्रुवीकरण है।

गोदियाल ने नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यहां आना राज्य सरकार की विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने महिला सुरक्षा, अंकिता हत्याकांड, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे उठाते हुए कहा कि इन सवालों का जवाब देने के बजाय कांग्रेस और राहुल गांधी पर आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा हुई थी। कांग्रेस का आरोप है कि इसके तीन दिन बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों ने उसी मैदान और मंच पर धार्मिक अनुष्ठान कर कथित तौर पर शुद्धिकरण किया। कांग्रेस ने इसे दलित विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए विरोध जताया है।

घटना के बाद से कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कार्रवाई की मांग कर रही है। वहीं, भाजपा नेताओं की ओर से कथित शुद्धिकरण की घटना को सही ठहराए जाने संबंधी बयानों के बाद विवाद और बढ़ गया है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर लगातार हमलावर है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें