September 9, 2026 5:02 pm

कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, 24 उपाध्यक्ष और 34 महामंत्री बनाए

देहरादून। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच उत्तराखंड कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अली ने 24 उपाध्यक्ष, 34 महासचिव, 65 सचिव, पांच प्रवक्ता और एक सोशल मीडिया प्रभारी को जिम्मेदारी दी है। जिला, महानगर और सलाहकार समितियों की घोषणा होना अभी बाकी है, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी होने की बात कही गई है।

सुलेमान अली ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर टीम तैयार कर काम करेगी।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

सुलेमान अली ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कई काम हुए, जबकि मौजूदा सरकार कांग्रेस की ओर से तैयार संस्थानों और योजनाओं को नुकसान पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को तोड़ने के बजाय सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। कहा कि युवा वर्षों तक मेहनत कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। सरकार को भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए गंभीरता से काम करना चाहिए।

कानूनी प्रक्रिया के बाद ही कार्रवाई की मांग

अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी धर्म के धार्मिक स्थल को बिना पूरी कानूनी प्रक्रिया के नहीं हटाया जाना चाहिए। यदि कोई निर्माण अवैध है तो जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के अपराध की सजा उसके परिवार को नहीं दी जानी चाहिए। मकान तोड़ने की कार्रवाई से परिवार के सामने रहने का संकट पैदा हो जाता है।

सुलेमान अली ने दावा किया कि कांग्रेस 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम किया जाएगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें