September 27, 2026 10:37 am

महिलाओं को लेकर शेख अबू बकर अहमद के बयान पर सीएम धामी का हमला, राहुल गांधी को भी घेरा

देहरादून। महिलाओं को लेकर केरल के ग्रैंड मुफ्ती शेख अबू बकर अहमद के कथित बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बयान को बेहद निम्न कोटि का बताते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और शास्त्रों में नारी को देवी का दर्जा दिया गया है और महिलाओं का सम्मान हमारी परंपरा का मूल हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेता अक्सर महिलाओं के उत्थान और सामाजिक न्याय की बात करते हैं, लेकिन ऐसे बयानों पर उनकी चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में महिलाओं के सम्मान को लेकर गंभीर है तो राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को शेख अबू बकर अहमद के बयान का स्पष्ट रूप से विरोध करना चाहिए था।

धामी ने कहा कि भाजपा इस तरह के बयानों का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कांग्रेस पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी अलग-अलग मंचों से एक वर्ग को खुश करने के लिए बयान देते हैं। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में कथित भड़काऊ और उन्मादी नारों के मामलों का जिक्र करते हुए भी कांग्रेस और राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए।

राहुल गांधी के चाय की दुकानों पर अलग-अलग गिलास के कथित बयान पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी देश के कई हिस्सों का दौरा किया है, लेकिन ऐसा नहीं देखा कि दुकानदार किसी व्यक्ति की जाति या नाम पूछकर उसे अलग गिलास देता हो।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल वोट के लिए बातें करने से राजनीति नहीं चलती, बल्कि जनता के लिए काम करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को जनता ने लगातार चुनावों में नकारा है और अब पार्टी का धरातल कमजोर हो चुका है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें