August 14, 2026 12:09 am

उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, सभी जिले अलर्ट मोड पर

देहरादून। उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए सभी जनपदों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से 13 अगस्त को जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

14 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट

15 अगस्त को राज्य के सभी जनपदों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।

16 अगस्त को तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। यहां कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा। इसके साथ ही कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकता है।

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम की जानकारी लेकर ही करें यात्रा : सुमन

सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। भूस्खलन और चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों, नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचें।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश या अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें और सक्रिय भूस्खलन वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें।

सुमन ने लोगों से उफनती नदियों, धाराओं और नालों में तैरने या नौका विहार से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि खराब मौसम में भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में सभी नागरिक सतर्कता और सावधानी बरतें।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें