September 27, 2026 10:25 pm

CM धामी से कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने की मुलाकात, CM ने दिये समस्याओं के समाधान के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडलों ने अपने-अपने विभागों और संवर्गों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को नियमानुसार परीक्षण कर उचित कार्रवाई और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा अधिकारी प्रशासनिक संवर्ग एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने विभाग में रिक्त निदेशक, अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक और खंड शिक्षा अधिकारी के पदों पर विभागीय पदोन्नति की मांग रखी। साथ ही परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद कार्मिकों के स्वतः स्थायीकरण की व्यवस्था का अनुरोध किया।

उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, जल संस्थान ने उत्तराखंड जल संस्थान के राजकीयकरण की मांग उठाई। वहीं उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने विभिन्न विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के रिक्त पद भरने, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय में गैर-शिक्षण पदों के पुनर्गठन और गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रयोगशाला सहायकों को अन्य विश्वविद्यालयों के समान वेतनमान देने की मांग रखी।

उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने 25 अक्टूबर 2005 से पहले विज्ञापित पदों पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने तथा वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा में छूट देने का अनुरोध किया।

इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन, उत्तराखंड एएनएम संवर्ग संगठन, लैब टेक्निशियन संगठन, राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ, माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ, अंशकालिक शिक्षक संघ और उत्तराखंड राज्य आबकारी निरीक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांगें और समस्याएं रखीं।

मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी संगठनों की मांगों और समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार परीक्षण कराया जाए और उचित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. काण्डपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें