August 7, 2026 2:54 am

मानसून की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने दिये बंद सड़कें जल्द खोलने, चारधाम यात्रा सुरक्षित रखने और अंतिम व्यक्ति तक मौसम अलर्ट पहुंचाने के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मानसून की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए कहा कि जनजीवन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्य सचिव ने राज्यभर में वर्षा, नदियों के जलस्तर, भूस्खलन, बंद सड़कों, राहत एवं बचाव कार्यों, बिजली, पेयजल और संचार सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बंद मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोला जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर पहले से पर्याप्त मशीनरी तैनात रखी जाए।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने, राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी रखने और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप और अन्य आवश्यक उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कैलाश मानसरोवर यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। मौसम खराब होने या मार्ग बाधित होने की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और परिस्थितियां सामान्य होने पर ही आगे भेजा जाए।

मुख्य सचिव ने नदियों के जलस्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा डैम और बैराजों से पानी छोड़े जाने से पहले डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के लोगों और आवश्यकता पड़ने पर सीमावर्ती राज्यों को भी समय रहते अलर्ट करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश या भूस्खलन के कारण यदि संचार, बिजली या पेयजल सेवाएं बाधित होती हैं तो उनकी त्वरित बहाली सुनिश्चित की जाए। सभी सैटेलाइट फोन हर समय सक्रिय रहें और वैकल्पिक संचार व्यवस्था भी तैयार रखी जाए।

मुख्य सचिव ने मौसम विभाग की चेतावनियों और अलर्ट को राज्य से लेकर गांव के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाने के लिए सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर मिली चेतावनी संभावित आपदाओं के दौरान जनहानि को कम करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें