August 7, 2026 3:27 am

एमडीडीए बोर्ड की बैठक में 25 विकास प्रस्तावों को मंजूरी, लैंड पूलिंग और पर्यटन परियोजनाओं को मिली गति

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक में शहर और आसपास के क्षेत्रों के नियोजित विकास से जुड़े 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। गढ़वाल आयुक्त एवं एमडीडीए अध्यक्ष आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लैंड पूलिंग, पर्यटन, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से जुड़े प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर (परगना पछवादून) में एमडीडीए की लैंड पूलिंग योजना के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को नियमानुसार आगे बढ़ाने की अनुमति प्रदान की गई।

बोर्ड ने पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होटल, पर्यटन इकाइयों, औद्योगिक भवनों, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी। सभी परियोजनाओं को नियमानुसार एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि तेजी से विस्तार कर रहे देहरादून और मसूरी क्षेत्र का विकास सुनियोजित, पारदर्शी और तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए। सभी प्रस्तावों को तकनीकी एवं नियामकीय परीक्षण के बाद ही मंजूरी दी गई।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित एवं नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन परियोजनाओं से निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से कार्रवाई की जाएगी, ताकि विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र धरातल पर उतर सकें।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें