देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली आपदा प्रभावित सड़क का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क दुरुस्त कर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों ने दूरभाष पर मुख्यमंत्री को बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे करीब 120 परिवारों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। शिकायत मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके का आकलन कर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी प्रकार की देरी न हो तथा विभाग आपसी समन्वय से तेजी से कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द से जल्द पटरी पर लाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।











