देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पसंदीदा सीट का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार वह मैदानी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते हैं और इस संबंध में अपनी इच्छा पार्टी हाईकमान के सामने भी रख चुके हैं।
हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर उनका प्रभाव है, लेकिन यदि उन्हें मैदानी सीट से चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है तो वह चुनाव प्रचार के दौरान अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में अधिक समय दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान को लेना है।
हरक सिंह रावत का झुकाव सहसपुर विधानसभा सीट की ओर माना जा रहा है। इस क्षेत्र में उनका शिक्षण संस्थान भी है और वह यहां लगातार सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि मैदानी सीट से चुनाव लड़ने का उद्देश्य केवल अपनी जीत सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के अभियान को मजबूती देना है।
उन्होंने कहा कि यदि उन्हें मैदानी सीट से टिकट मिलता है तो वह पर्वतीय क्षेत्रों सहित अन्य विधानसभा सीटों पर भी व्यापक प्रचार कर पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में काम करेंगे। फिलहाल उनके इस बयान को कांग्रेस की चुनावी रणनीति और टिकट वितरण से जोड़कर देखा जा रहा है।











