September 27, 2026 7:56 pm

थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, समाज की समस्याएं सुनीं और विकास योजनाओं की दी जानकारी

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा में आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर थारू समाज के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बीएसएफ के एवरेस्ट विजेता मोहन सिंह राणा और आईटीबीपी के एवरेस्ट विजेता टीला सेन को सम्मानित किया तथा समाज की समस्याएं और सुझाव सुने।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह संवाद सरकार और थारू समाज के बीच विश्वास एवं विकास की साझेदारी को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि थारू समाज से उनका वर्षों पुराना आत्मीय संबंध है और सरकार समाज के प्रत्येक सुझाव को गंभीरता से लेकर योजनाओं को और प्रभावी बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण की रोकथाम के लिए सख्त कानून लागू किया गया है तथा नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इसके खिलाफ जनजागरूकता जरूरी है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अटल आवास योजना तथा जनजाति कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय परिवारों को आवास, शिक्षा और रोजगार से जोड़ा जा रहा है। खटीमा में बालिका छात्रावास, बाजपुर में विद्यालय एवं छात्रावास तथा गदरपुर में 100 बेड के बालक छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं थारू राजकीय इंटर कॉलेज में खेल मैदान के सौंदर्यीकरण, ऑडिटोरियम के आधुनिकीकरण और भवन मरम्मत के कार्य भी जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। साथ ही चक्रीय निधि और निवेश सहायता उपलब्ध कराकर छोटे रोजगारों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता थारू समाज के प्रत्येक परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और बेटियों को शिक्षा एवं सशक्तिकरण के अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान थारू समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए समाज के विकास और संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में थारू समाज के लोग उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें