देहरादून। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की निवासी सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की जांच अब अपराध अनुसंधान विभाग (सीबी-सीआईडी) करेगा। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जांच सीबी-सीआईडी को सौंपने के लिखित आदेश जारी कर दिए हैं।
सृष्टि कंडारी की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुरू से ही निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। इसी क्रम में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले की जांच सीबी-सीआईडी से कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत संवेदनशील है और सभी तथ्यों का निष्पक्ष खुलासा होना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह सचिव को तत्काल जांच सीबी-सीआईडी को सौंपने के निर्देश दिए। अब जांच एजेंसी घटनास्थल, पुलिस विवेचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों तथा गवाहों के बयानों की नए सिरे से समीक्षा करेगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों से दोबारा पूछताछ भी की जाएगी।
विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सीबी-सीआईडी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होगी।
क्या है मामला?
सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी, जो सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं। सृष्टि सरकारी शिक्षिका थीं। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। इसी कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली। इस मामले में सृष्टि की मां की तहरीर पर पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच शुरू की गई थी। अब पूरे प्रकरण की जांच सीबी-सीआईडी करेगी।











