July 25, 2026 3:40 am

कांवड़ मेले के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी, पांच विशेष रेल सेवाओं का होगा संचालन, तीन कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, दो नियमित ट्रेनों का हरिद्वार तक विस्तार

हरिद्वार। कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विशेष रेल संचालन की घोषणा की है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुल पांच अतिरिक्त रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें तीन अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जबकि दो नियमित ट्रेनों का विस्तार हरिद्वार तक किया गया है। यह व्यवस्था 30 जुलाई से 14 अगस्त तक लागू रहेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे थे, जबकि इस बार यह संख्या पांच करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रेल सेवाओं और विशेष व्यवस्थाओं का निर्णय लिया है।

हरिद्वार से दिल्ली शाहदरा के लिए प्रतिदिन कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन संचालित होगी। इसके अलावा योगनगरी ऋषिकेश से दिल्ली शाहदरा और आलमनगर के लिए भी प्रतिदिन विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं, दिल्ली-शामली डीएमयू और दिल्ली-सहारनपुर मेमू ट्रेनों का अस्थायी रूप से हरिद्वार तक विस्तार किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सामान्य किराये पर यात्रा की सुविधा मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रेलवे प्रशासन ने कांवड़ मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर करीब 16 ट्रेनों के ठहराव और समय-सारिणी में भी अस्थायी बदलाव किया है। 30 जुलाई से 13 अगस्त तक कई ट्रेनें ज्वालापुर और मोतीचूर स्टेशनों पर भी रुकेंगी। रेलवे ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन समय-सारिणी की जानकारी लेने की अपील की है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें