September 27, 2026 12:30 pm

तिब्बती मार्केट में दारोगा पर बुजुर्ग फल विक्रेता से मारपीट का आरोप, वायरल वीडियो की जांच शुरू

देहरादून। देहरादून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात एक उपनिरीक्षक पर बुजुर्ग फल विक्रेता से मारपीट का आरोप लगने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम तिब्बती मार्केट के पास सड़क किनारे फल बेच रहे एक बुजुर्ग रेहड़ी संचालक को हटाने के दौरान ट्रैफिक पुलिस के उपनिरीक्षक योगेंद्र और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि दारोगा ने रेहड़ी हटाने के दौरान बुजुर्ग फल विक्रेता को थप्पड़ मारा, जिसके बाद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।

वायरल वीडियो में एक युवक पूरी घटना की रिकॉर्डिंग करते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाता दिखाई देता है। युवक का कहना है कि यदि रेहड़ी अवैध रूप से खड़ी है तो नियमानुसार चालान किया जाना चाहिए, मारपीट नहीं। वीडियो में दोनों के बीच तीखी बहस भी सुनाई देती है। हालांकि वायरल वीडियो में कथित मारपीट का कोई स्पष्ट दृश्य दिखाई नहीं देता, बल्कि मौके पर मौजूद लोग ही मारपीट और वसूली के आरोप लगाते सुनाई देते हैं।

मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, क्षेत्राधिकारी यातायात जगदीश पंत ने बताया कि तिब्बती मार्केट के आसपास का क्षेत्र नगर निगम द्वारा नो वेंडिंग जोन घोषित है, जहां रेहड़ी-ठेली लगाना प्रतिबंधित है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस समय-समय पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाती है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच एसएसपी के निर्देश पर की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें