July 19, 2026 11:57 am

उत्तराखंड को नई रेल सेवा की सौगात, रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और CM धामी ने दिखाई हरी झंडी

रामनगर। उत्तराखंड गठन के बाद पहली बार रामनगर को राजधानी देहरादून से जोड़ने वाली सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू हो गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदेशवासियों को नई रेल सेवा की शुभकामनाएं दीं।

रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद अनिल बलूनी ने इसे कुमाऊं क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह ट्रेन पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन के बजाय छह दिन कराने और रामनगर से दिल्ली के लिए सुपरफास्ट ट्रेन शुरू कराने के प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई रेल सेवा से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच संपर्क मजबूत होगा तथा विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे उत्तराखंड में आधुनिक रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है और यह नई एक्सप्रेस ट्रेन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ट्रेन का समय

रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।

यात्रा के दौरान ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद, हरिद्वार सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। नई रेल सेवा से कुमाऊं क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें