July 19, 2026 11:58 am

तीन हजार पेड़ों की कटाई का मुद्दा संसद तक पहुंचेगा, आंदोलनकारियों से मिले राहुल गांधी

देहरादून। भनियावाला–ऋषिकेश सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रस्तावित करीब तीन हजार पेड़ों की कटाई का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। देहरादून दौरे पर आए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेड़ कटान का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को संसद में उठाया जाएगा।

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी निर्धारित कार्यक्रम से अलग सड़क मार्ग से सीधे आंदोलन स्थल पहुंचे, जहां स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे हैं। आंदोलनकारियों ने उन्हें परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय प्रभाव, प्रशासनिक कार्रवाई और स्थानीय लोगों की चिंताओं से अवगत कराया।

सामाजिक कार्यकर्ता शालू भाटिया ने राहुल गांधी से कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, लेकिन प्रदर्शनकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं और आंदोलन में शामिल लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड के पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा के लिए है।

राहुल गांधी ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले का अध्ययन करने के बाद इसे संसद में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

इस बीच उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें इस पूरे मामले पर विस्तृत अध्ययन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट में प्रस्तावित पेड़ कटान, सड़क परियोजना की आवश्यकता, पर्यावरणीय प्रभाव, स्थानीय लोगों की आपत्तियों और आंदोलन से जुड़े सभी तथ्यों को शामिल किया जाएगा। इसी रिपोर्ट के आधार पर राहुल गांधी संसद में यह मुद्दा उठाएंगे।

उल्लेखनीय है कि बढ़ते विरोध के बीच राज्य सरकार ने फिलहाल प्रस्तावित पेड़ों की कटाई पर रोक लगा दी है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें