July 19, 2026 12:01 pm

10–11 दिनों से हर रात घरों की छतों पर गिर रहे पत्थर, रातभर पहरा देने को मजबूर लोग, पुलिस का सर्च अभियान जारी, अब तक नहीं मिला कोई सुराग

नैनीताल। नैनीताल के जिला पंचायत और अपर मॉल रोड क्षेत्र में पिछले करीब 10–11 दिनों से हो रही रहस्यमयी पत्थरबाजी ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हर रात लगभग आठ बजे के बाद घरों की छतों पर अचानक पत्थर गिरने लगते हैं, जो देर रात तक जारी रहते हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग रातभर पहरा देने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार शुरुआत में इसे शरारती तत्वों की हरकत माना गया, लेकिन लगातार हो रही पत्थरबाजी के बाद मामला संदिग्ध बन गया है। लोगों का कहना है कि बच्चे पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं और महिलाएं शाम होते ही घरों में सिमटने को मजबूर हैं। कई परिवारों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।

घटना की शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने जंगल क्षेत्र में दो रात तक कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने भी आसपास के जंगलों में खोजबीन की, मगर अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। लोगों का मानना है कि जंगल की ओर से आबादी वाले क्षेत्र में पत्थर फेंके जा रहे हैं।

कोतवाली नैनीताल के उपनिरीक्षक श्याम बोरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस लगातार जंगल और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चला रही है। फिलहाल कोई संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन लोगों की सुरक्षा को देखते हुए निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर दोषियों की जल्द पहचान करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लगातार हो रही इस रहस्यमयी पत्थरबाजी से पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें