July 12, 2026 4:07 am

सहसपुर जनसेवा शिविर में पहुंचे सीएम धामी, अधिकारियों को दिये मौके पर ही समस्याओं के समाधान के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना है और सरकार स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लिया। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। सेवा पखवाड़े के दौरान अब तक 64 हजार से अधिक नागरिकों ने शिविरों में भाग लिया है और हजारों शिकायतों का समाधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का अर्थ संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, उद्योग, निवेश और हवाई संपर्क के क्षेत्र में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का भी उल्लेख किया।

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कारबारी ग्रांट में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, एक महिला को तत्काल सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुई क्षेत्र में सड़क एवं जल निकासी कार्य कराने, भाऊवाला में श्मशान घाट निर्माण, बंदोबस्त संबंधी समस्याओं के समाधान, पार्क एवं ओपन जिम निर्माण तथा ग्रामीण क्षेत्र में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें