देहरादून। देहरादून के परेड ग्राउंड में शनिवार, 11 जुलाई से पांच दिवसीय लोक संवर्धन पर्व का शुभारंभ होगा। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। यह महोत्सव 15 जुलाई तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुला रहेगा।
लोक संवर्धन पर्व का यह छठा संस्करण पहली बार किसी राज्य सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उत्तराखंड, प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत इस आयोजन में साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य बना है। महोत्सव का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदायों के कारीगरों, बुनकरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराना और पारंपरिक कला एवं आजीविका को बढ़ावा देना है।
महोत्सव में 150 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें लगभग 40 प्रतिशत स्टॉल उत्तराखंड की पारंपरिक कला, शिल्प और हस्तशिल्प को समर्पित होंगे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों की पारंपरिक हस्तकलाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। आगंतुकों के लिए 20 फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे, जहां गढ़वाली, कुमाऊंनी, राजस्थानी, महाराष्ट्रीयन और लखनवी सहित विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा।
महोत्सव में लाइव शिल्प प्रदर्शन, उद्यमिता एवं डिजिटल मार्केटिंग सत्र, खरीदार-विक्रेता संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। उद्घाटन दिवस पर प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक तलत अज़ीज़ प्रस्तुति देंगे। वहीं आगामी दिनों में ज्योति नूरां, किशन महिपाल, विवेक नौटियाल, माया उपाध्याय, पांडवाज़ बैंड और परमिश वर्मा अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।










