July 10, 2026 1:03 am

2 दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे के.सी. वेणुगोपाल, वरिष्ठ नेताओं संग की बैठक, संगठन मजबूती पर फोकस

देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल गुरुवार को अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। खराब मौसम के कारण उनका हवाई दौरा बदलकर सड़क मार्ग से किया गया। देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद के.सी. वेणुगोपाल ने पार्टी नेताओं से मुलाकात की और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वह राजपुर रोड स्थित एक होटल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के सदस्यों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों के साथ बैठक के लिए रवाना हुए।

दो दिवसीय दौरे के दौरान वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला अध्यक्षों, अनुषांगिक संगठनों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों और विधानसभा चुनाव के पूर्व प्रत्याशियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालातों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सीडब्ल्यूसी सदस्य करण माहरा ने कहा कि के.सी. वेणुगोपाल का उत्तराखंड दौरा इस बात का संकेत है कि पार्टी राज्य को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से सभी स्तरों पर संवाद कर रहा है।

विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी नेतृत्व लगातार जिलों में यात्राएं और जनसंपर्क अभियान चला रहा है। कांग्रेस भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को मुद्दा बनाकर जनता के बीच पहुंच रही है तथा आगामी चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने में जुटी है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें