July 7, 2026 6:44 am

रामनगर/नैनीताल: मानसून में नहीं रुकेगा सफर, सीएम धामी ने धनगढ़ी पुल का किया लोकार्पण

रामनगर/नैनीताल। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर धनगढ़ी नाले पर बने बहुप्रतीक्षित पुल का रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण किया। पुल के शुरू होने के साथ ही मानसून के दौरान कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर बार-बार यातायात बाधित होने की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, सल्ट विधायक महेश जीना सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से ढिकुली पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से धनगढ़ी पुल स्थल पहुंचकर पुल का उद्घाटन किया।

धनगढ़ी नाला हर वर्ष बरसात में उफान पर आने से राष्ट्रीय राजमार्ग-309 कई घंटों तक बंद हो जाता था। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच यातायात पूरी तरह प्रभावित होता था और हजारों यात्री, पर्यटक तथा स्थानीय लोग दोनों ओर फंस जाते थे।

सबसे अधिक दिक्कत गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन सेवाओं को उठानी पड़ती थी। कई मामलों में मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके, जबकि तेज बहाव में वाहन फंसने और दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। वर्षों में इस नाले में कई लोगों की जान भी जा चुकी है, जिसके कारण यह स्थान मानसून के दौरान सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में माना जाता था।

धनगढ़ी पुल के निर्माण से अब वर्षभर सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित होगा। इससे रामनगर, रानीखेत, अल्मोड़ा, सल्ट और गढ़वाल क्षेत्र के हजारों लोगों के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। पुल के चालू होने से बरसात के मौसम में सड़क संपर्क बनाए रखने और आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें