July 4, 2026 1:14 am

187 युवाओं को मिला सरकारी सेवा का नियुक्ति पत्र, सीएम धामी बोले— अब असली परीक्षा जनसेवा की

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में चयनित 187 युवाओं को शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में सफल 182 अभ्यर्थियों और कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास और जनसेवा की जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसकी कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनता के प्रति समर्पण से होती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 के लिए करीब डेढ़ लाख युवाओं ने आवेदन किया था, जबकि 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से केवल 182 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जो उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारी पद का अर्थ शासन करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। अधिकारियों को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाना होगा। दूर-दराज़ से आने वाले लोगों को सरकारी कार्यालयों में सम्मानजनक व्यवहार और समयबद्ध समाधान मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसी का परिणाम है कि बीते साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े।

उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से संविधान, कानून और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता से कार्य करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि ईमानदारी से काम करने वाले प्रत्येक अधिकारी के साथ राज्य सरकार मजबूती से खड़ी रहेगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, राम सिंह कैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें