June 30, 2026 1:13 am

सोशल मीडिया पर बम धमकी देने वाला हरियाणा का युवक गिरफ्तार, उत्तराखंड पुलिस को दी थी चुनौती

देहरादून। सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले युवक को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम, एक्स और फेसबुक के जरिए धमकी भरी पोस्ट वायरल की थी। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर बम धमाके की धमकी वाली पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। साइबर विश्लेषण, तकनीकी सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे 28 जून को कोतवाली नगर क्षेत्र की भूसा स्टोर वाली गली से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसप्रीत सिंह (26) पुत्र स्वर्गीय जोगिंदर सिंह, निवासी कोतवाली बाजार सराय, अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ी रील देखने के बाद उसने उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने और लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून को सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी वाला पोस्ट कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिससे धमकी भरी पोस्ट की गई थी। अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

इस मामले में कोतवाली नगर थाने में बीएनएस की धारा 351(3), 353 तथा आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने और अफवाह फैलाने या धमकी भरी पोस्ट साझा न करने की अपील की है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें