June 24, 2026 10:05 pm

कार्यकर्ताओं के समर्पण से भाजपा अजेय, प्रकोष्ठों को जन-जन तक पहुंचानी होगी सरकार की उपलब्धियां : सीएम धामी

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण के कारण आज अजेय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करने वाली विचारधारा है। चिकित्सा, सहकारिता, सांस्कृतिक, व्यवसायिक, पर्यटन, खेल, आपदा प्रबंधन और स्वयं सहायता समूह जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय प्रकोष्ठ समाज और संगठन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति को सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानती है और यही उसे अन्य दलों से अलग बनाता है।

सीएम धामी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता वर्ष के 365 दिन समाज की सेवा में जुटे रहते हैं, जबकि अन्य दल केवल चुनाव के समय जनता के बीच दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आपदा प्रबंधन और स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ को विशेष महत्व दिया है, क्योंकि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से उन्होंने ब्लॉक स्तर पर ऐसे युवाओं की टीम तैयार करने का आह्वान किया, जो आपदा के समय “फर्स्ट रिस्पॉन्डर” के रूप में कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि जनता के मन में यह विश्वास मजबूत होना चाहिए कि संकट की हर घड़ी में भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।

स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की हजारों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और लखपति दीदी अभियान को गति देने का आह्वान किया।

पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ की भूमिका पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में इस बार रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और सीमांत क्षेत्र आदि कैलाश में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में स्थानीय युवाओं को पर्यटन के नए अवसरों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न नीति है, न नियत और न ही नेतृत्व। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और अतिक्रमण हटाने जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जबकि विपक्ष केवल तुष्टिकरण और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विपक्ष की अफवाहों और झूठ का तथ्यात्मक जवाब दें तथा समाज के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की बड़ी ताकत हैं, क्योंकि उनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाएं पहुंचती हैं। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को शीघ्र मंडल स्तर तक संगठन का विस्तार करने और बूथ-बूथ पर कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी तथा भाजपा के सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें