June 24, 2026 10:05 pm

कांग्रेस विधायक द्वार पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भड़के BJP प्रदेश अध्यक्ष, कहा – गाली-गलौज कांग्रेस की संस्कृति

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस विधायक द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति और संस्कारों का परिचायक बताया तथा पार्टी से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास गाली-गलौज और असंसदीय भाषा के प्रयोग से भरा रहा है, लेकिन संविधान की शपथ लेने वाले एक विधायक द्वारा देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपमानित करने की होड़ लगी रहती है, लेकिन देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह की भाषा और आचरण को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी व्यक्ति या उसके परिवार को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करना पूरी तरह अस्वीकार्य है।

भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह अपने विधायक के बयान का समर्थन करती है या नहीं। साथ ही पार्टी को अपने जनप्रतिनिधियों के लिए मर्यादा और शिष्टाचार की स्पष्ट गाइडलाइन तय करनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के प्रांतीय और केंद्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी बनती है कि वह इस मामले का संज्ञान लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक के गैर-जिम्मेदाराना रवैये का भाजपा हर स्तर पर विरोध करेगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि संबंधित विधायक पहले भी अपने विवादित व्यवहार को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे जनप्रतिनिधियों के कारण लोकतांत्रिक मर्यादाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेंगे और कांग्रेस को अपने विधायक के बयान पर जवाब देना ही होगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें