June 23, 2026 1:25 am

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने किया सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण, MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी भी रहे मौजूद

देहरादून। सहस्त्रधारा रोड स्थित एमडीडीए के सिटी फॉरेस्ट पार्क को और अधिक आकर्षक और जनसुविधाओं से युक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सोमवार को पार्क का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

करीब 12 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस आधुनिक पार्क में मुख्य सचिव ने चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी मूवी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ओपन जिम, ओपन थिएटर, ईवी चार्जिंग स्टेशन और पूछताछ केंद्र सहित विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में पहुंचे लोगों और कैफेटेरिया संचालकों से बातचीत कर सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए एमडीडीए अधिकारियों को पार्क में ऑनलाइन क्यूआर कोड आधारित फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के सुझावों और अनुभवों के आधार पर सार्वजनिक स्थलों को और अधिक उपयोगी तथा बेहतर बनाया जा सकता है।

मुख्य सचिव ने पार्क में स्वच्छता, रखरखाव और आगंतुक सुविधाओं को और मजबूत करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क राजधानीवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ने का केंद्र बन चुका है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और सुविधाओं में लगातार सुधार किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के बाद एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्य सचिव द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा और पार्क में सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्क को आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से नागरिकों के लिए अधिक आकर्षक बनाया जाएगा।

 

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें