देहरादून। प्रदेश में कथित भूमि घोटालों, भू-माफियाओं के बढ़ते प्रभाव और सरकार की नीतियों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस ने सचिवालय कूच किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से पैदल मार्च करते हुए सचिवालय की ओर बढ़े, लेकिन सुभाष रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।
सचिवालय की ओर बढ़ने से रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
इस मौके पर गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भू-माफियाओं को संरक्षण देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी, वन एवं ग्राम समाज की जमीनों पर अवैध कब्जे लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हुई है।
कांग्रेस ने मांग की कि प्रदेशभर में सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर हुए अवैध कब्जों की जांच कर उन्हें तत्काल हटाया जाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भूमि विवादों और सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों को लेकर भी सरकार को घेरा। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम जनता के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जबकि भू-माफियाओं का नेटवर्क मजबूत होता जा रहा है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार का रवैया नहीं बदला तो पार्टी सड़कों पर संघर्ष तेज करेगी।











