June 17, 2026 4:20 am

अंकिता भंडारी केस से जुड़े विवाद में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवादित ऑडियो-वीडियो प्रकरण में उत्तराखंड भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किए जाने के बाद कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी देहरादून पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के तहत हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से की गई।

पुलिस के अनुसार सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी एवं अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद तथा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर ऐसे ऑडियो और वीडियो प्रसारित किए, जिनमें भाजपा नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाली बातें कही गईं।

हाईकोर्ट के फैसले के बाद हुई कार्रवाई

यह मामला उत्तराखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा था। हाल ही में हाईकोर्ट ने सुरेश राठौर के खिलाफ दर्ज चार एफआईआर में से दो को निरस्त कर दिया था, जबकि दो मामलों में जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। पुलिस ने इन्हीं लंबित मामलों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।

भाजपा प्रदेश प्रभारी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने 5 जनवरी को डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो-वीडियो के माध्यम से उनका और भाजपा के अन्य नेताओं का नाम लेकर झूठे आरोप लगाए गए तथा उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार सुरेश राठौर की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। रविवार को डालनवाला पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने उन्हें बुग्गावाला क्षेत्र से हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिटी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की

देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर से रविवार रात पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।

पहले भी विवादों में रहे हैं सुरेश राठौर

सुरेश राठौर वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। अभिनेत्री उर्मिला सनावर के साथ कथित दूसरी शादी और दोनों के बीच वायरल हुए ऑडियो-वीडियो के कारण वे लगातार चर्चा में रहे। विवाद बढ़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़ने के बाद बढ़ा विवाद

अंकिता भंडारी हत्याकांड के संदर्भ में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर द्वारा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर लगाए गए आरोपों वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला काफी चर्चाओं में आया था। अब पुलिस कार्रवाई और न्यायिक हिरासत के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

 

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें