June 13, 2026 1:11 am

औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट संभालेंगे जिम्मेदारी

देहरादून। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, पौड़ी गढ़वाल को नया कुलपति मिल गया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली में विशेष कार्याधिकारी के पद पर कार्यरत डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है।

उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गुरमीत सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. भट्ट कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, कुलपति पद पर कार्य करेंगे।

चयन समिति की संस्तुति पर हुई नियुक्ति

विश्वविद्यालय के कुलपति के चयन के लिए गठित अन्वेषण समिति द्वारा भेजे गए नामों के पैनल में से कुलाधिपति ने डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट का चयन किया। डॉ. भट्ट एमएससी एवं पीएचडी की डिग्री धारक हैं और उन्हें प्रोफेसर के रूप में 19 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है।

कई महत्वपूर्ण पदों पर निभा चुके हैं जिम्मेदारी

डॉ. भट्ट भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के विभिन्न संस्थानों में संयुक्त निदेशक, निदेशक, विशेष कार्याधिकारी, सहायक महानिदेशक (अंतरराष्ट्रीय संबंध) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वह भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान, देहरादून के निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

शोध और सम्मान का समृद्ध अनुभव

डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट को अब तक 18 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। उनके नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में 277 शोध पत्र प्रकाशित हैं। इसके अलावा उन्होंने 71 पुस्तक अध्याय, 19 पुस्तकें (संपादित एवं लिखित), 31 तकनीकी बुलेटिन, 9 प्रशिक्षण पुस्तिकाएं, 3 प्रसार बुलेटिन और 8 पॉलिसी पेपर प्रकाशित किए हैं।

चार प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित

डॉ. भट्ट को राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी, राष्ट्रीय पारिस्थितिकी संस्थान, राष्ट्रीय आधारभूत विज्ञान अकादमी और भारतीय कृषि वानिकी सोसायटी की फेलोशिप प्राप्त है। उन्होंने तीन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों का सफल आयोजन भी किया है।

उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय में अनुसंधान, नवाचार और कृषि एवं वानिकी शिक्षा को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें