नई टिहरी। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने टिहरी गढ़वाल में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में चल रही सभी निर्माण और अवसंरचना परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने आपदा प्रभावित सड़कों की मरम्मत, पेयजल योजनाओं और पर्यटन क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा।
जनपदीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क, पेयजल, सीवर और जल निकासी जैसी सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।
कुंभ मेला रोड और रामझूला कार्यों की समीक्षा
बैठक में नरेंद्रनगर-किनवानी-नीरगढ़ सेक्शन रोड के पुनर्निर्माण और सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मुख्य सचिव ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा रामझूला सेतु के सुदृढ़ीकरण और सुरक्षा कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जल जीवन मिशन और सीवर योजनाओं पर फोकस
मुख्य सचिव ने हिंडोलाखाल, मणि, चौरास, भरपूर, गजा, तपोवन नगर, कांडी ग्राम समूह और मुनिकीरेती समेत विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति जानी। नरेंद्रनगर सीवर लाइन परियोजना में 55 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। पर्यटन क्षेत्रों में बढ़ती पानी की मांग और रखरखाव बजट की कमी को बड़ी चुनौती बताया गया।
चंद्रभागा नदी और ड्रेनेज सिस्टम पर चर्चा
मुनिकीरेती क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये की लागत से बन रही वर्षा जल निकासी प्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि चंद्रभागा नदी में बाढ़ सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कार्यों की आवश्यकता है। मुख्य सचिव ने इस दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
गांवों में स्वरोजगार और आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा
बैठक में विभिन्न ब्लॉकों में चल रही आजीविका परियोजनाओं की जानकारी भी दी गई। भिलंगना में प्रिंटिंग यूनिट, चंबा में डेयरी और एग्री इनपुट सेंटर, देवप्रयाग में मशरूम उत्पादन, कीर्तिनगर में मत्स्य पालन, जौनपुर में प्लम और बकरी पालन, प्रतापनगर में पोल्ट्री एवं हर्बल गार्डन और नरेंद्रनगर में ड्रैगन फ्रूट उत्पादन जैसी गतिविधियों पर चर्चा हुई।
हर ब्लॉक में लाइब्रेरी और पिरूल संग्रहण अभियान
सीडीओ ने “माई ब्लॉक, माई लाइब्रेरी” कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी। वहीं वन विभाग ने ग्रामोत्थान परियोजना के तहत 131 क्विंटल पिरूल संग्रहण की जानकारी साझा की।
टिहरी झील क्षेत्र में पर्यटन विकास की योजना
बैठक से पहले मुख्य सचिव ने एडीबी परियोजना के तहत टिहरी झील क्षेत्र में प्रस्तावित पर्यटन विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने डोबरा-चांटी, तिवाड़ गांव, कोटी कॉलोनी, नई टिहरी, मदन नेगी और लेक क्लस्टर को विकसित करने की योजना प्रस्तुत की।
बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पांडेय, पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी श्वेता चौबे, एडीएम शैलेंद्र नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











