July 23, 2026 7:02 am

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के लिए कांग्रेस ने बनाया कंट्रोल रूम, नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित कर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं, ताकि राहुल गांधी के सभी कार्यक्रमों की निगरानी और समन्वय प्रभावी ढंग से किया जा सके।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसार, 4 और 5 जून को होने वाले राहुल गांधी के दो दिवसीय दौरे के दौरान अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून में आयोजित कार्यक्रमों पर कंट्रोल रूम की लगातार नजर रहेगी। इसके लिए पार्टी ने एक प्रभारी के साथ अन्य वरिष्ठ नेताओं को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कंट्रोल रूम से जुड़े सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है।

राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों की निगरानी के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी देहरादून पहुंच गई हैं। उन्होंने अल्मोड़ा में प्रस्तावित जनसभा, पौड़ी में होने वाले पूर्व सैनिक सम्मेलन और देहरादून में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी का मानना है कि उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।

कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा उत्तराखंड के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और प्रदेश की जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगा और संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।

गौरतलब है कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेने के साथ देहरादून में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे। कांग्रेस संगठन उनके दौरे को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें