July 23, 2026 8:39 am

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा – उत्तराखंड भाजपा सरकार में आपसी तालमेल की कमी, प्रदेश में बदलाव चाहती है जनता

देहरादून। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा राहुल गांधी के 4 और 5 जून के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने रविवार को देहरादून पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने उत्तराखंड को दो दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, उसी दिन पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे और 5 जून को देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम करेगा। उनका उत्तराखंड आगमन इस बात का संकेत है कि वह राज्य की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं और प्रदेश के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते हैं।

कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार और संगठन के बीच तालमेल की कमी साफ दिखाई दे रही है। भाजपा के नेता, विधायक और मंत्री आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य में जनहित के मुद्दों की लगातार अनदेखी हो रही है। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा है और बेटियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। राहुल गांधी अल्मोड़ा की जनसभा में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और सरकार को घेरने का काम करेंगे।

कुमारी शैलजा ने कहा कि पौड़ी में राहुल गांधी पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे। कांग्रेस हमेशा पूर्व सैनिकों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने बताया कि देहरादून में राहुल गांधी प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संवाद करेंगे तथा 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सुझाव भी लेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का दौरा उत्तराखंड कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा और संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें