May 26, 2026 11:49 pm

थारू जनजाति जमीन मामले में सीएम धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- नई बोतल में पुरानी शराब भर रही कांग्रेस

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा दौरे के दौरान स्थानीय पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए थारू जनजाति की जमीनों के मुद्दे पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं के बयानों को “नई बोतल में पुरानी शराब भरने” जैसा बताते हुए कहा कि कांग्रेस एक बार फिर पुराने मुद्दों को उठाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने इसी तरह के आरोप लगाकर नैरेटिव सेट करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह “बयान रूपी सिक्का” अब दोबारा नहीं चलने वाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा क्षेत्र में जमीन छीनने जैसी बातें पूरी तरह भ्रम फैलाने वाली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार उधम सिंह नगर में एक लाख बांग्लादेश से आए शरणार्थियों को नागरिकता देने की दिशा में कार्य कर रही है, वहीं 4000 से अधिक सीलिंग की भूमि पर पट्टे भी दिए गए हैं। ऐसे में किसी की जमीन छीनने का सवाल ही नहीं उठता।

सीएम धामी ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों से सवाल करते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में क्या खटीमा में किसी भी थारू जनजाति परिवार की जमीन छीनी गई है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है, लेकिन लोग अब सच्चाई समझ चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने मंच से लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके रहते खटीमा में किसी भी व्यक्ति या समुदाय के हित प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें