May 24, 2026 2:08 am

सड़क पर नमाज के बयान पर सियासत तेज, कांग्रेस ने कहा धर्म की राजनीति कर रही भाजपा सरकार

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर दिए गए बयान पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि धामी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और अब जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और साम्प्रदायिक बयानबाजी का सहारा लिया जा रहा है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार, महंगाई और विकास जैसे मुद्दों पर जवाब देने की बजाय सरकार हिंदू-मुस्लिम और जातिगत राजनीति कर रही है। उनका कहना था कि युवाओं में बढ़ती नाराजगी को दबाने के लिए विवादित मुद्दे उठाए जा रहे हैं।

“अपने विधायक तक संतुष्ट नहीं”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि सरकार अपने ही विधायकों और नेताओं को संतुष्ट नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और कई जनप्रतिनिधि खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। गोदियाल ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।

पत्रकारों के मुद्दे पर भी सरकार घिरी

गोदियाल ने पत्रकारों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पत्रकारों पर हमले बढ़ रहे हैं और पुलिस का रवैया भी चिंताजनक है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए खतरा बताया।

“धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति”

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर धार्मिक ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया। गोदियाल ने कहा कि सरकार के पास विकास और जनहित के मुद्दों पर बताने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए साम्प्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब इन राजनीतिक रणनीतियों को समझ चुकी है।

क्या बोले थे सीएम धामी?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा था कि उत्तराखंड में किसी को भी सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति आवागमन में बाधा डालेगा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीएम धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान प्रदेश में लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और देहरादून, हरिद्वार, विकासनगर, कोटद्वार तथा रामनगर जैसे क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ा हुआ है। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना है और सड़कों को धार्मिक प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें