रुड़की: हरिद्वार जिले के झबरेडी खुर्द गांव में आयोजित “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब देशराज कर्णवाल और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेडी खुर्द गांव में बहुद्देश्यीय शिविर लगाकर मंत्री देशराज कर्णवाल लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान कार्यक्रम में माहौल तनावपूर्ण हो गया। वायरल वीडियो में मंत्री देशराज कर्णवाल हाथ में ईंट लेकर ग्रामीणों की ओर बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। मौके पर उनकी पत्नी वैजयंती माला भी मौजूद थीं, जिनकी एक युवक के साथ तीखी बहस होती नजर आई।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक राजनीतिक दल का गाना बजाने को लेकर हुई। आरोप है कि मंत्री के गांव भ्रमण के दौरान एक युवक ने अपने मोबाइल फोन पर एक राजनीतिक दल से जुड़ा गाना चला दिया, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप यह भी है कि मंत्री ने युवक के हाथ से मोबाइल छीन लिया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मंत्री देशराज कर्णवाल ने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने जानबूझकर कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया। उन्होंने कहा कि युवक तेज आवाज में भीम आर्मी से संबंधित गाने बजाकर नारेबाजी कर रहा था। रोकने पर उसने अभद्रता शुरू कर दी। मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि युवक के साथ मौजूद एक महिला ने भी अनुचित व्यवहार किया।
दूसरी ओर महक सिंह ने मंत्री और उनके समर्थकों पर कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में युवाओं के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है और इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
मंत्री की पत्नी वैजयंती माला ने भी आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने उनके साथ अभद्रता की और कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। साथ ही बीच-बचाव करने आए ड्राइवर के साथ भी मारपीट किए जाने की बात कही गई है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।











