देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान 31 मई 2026 को होने वाली नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के शुभारंभ हेतु ‘क्यालु-हिम तेंदुआ’ का भी अनावरण किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह यह साबित करता है कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा मौजूद है।
उन्होंने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम क्षेत्र में दौड़ने के लिए हिमालय जैसा अडिग विश्वास और चुनौतियों को स्वीकार करने का साहस जरूरी है। यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगी।
सीएम धामी ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि आज उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक शक्ति के साथ-साथ एडवेंचर और खेल गतिविधियों का भी बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं’ वाले विजन को यह आयोजन साकार कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि देश के 27 राज्यों और दो अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण कराया है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसे अभियानों के जरिए खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही है, वहीं राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित और सफल आयोजन की कामना की।











