May 21, 2026 11:03 pm

भीषण गर्मी की चपेट में उत्तराखंड, मैदानी जिलों में अगले 48 घंटे लू का रेड अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव के असर से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं। लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

उत्तराखंड के मैदानी जिलों में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के कुछ इलाकों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि मैदानी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है।

राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके झा ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को कपड़े या छाते से ढकें और चेहरे को सूती कपड़े या मास्क से सुरक्षित रखें।

डॉ. झा ने शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों के सेवन की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में तरबूज, नींबू पानी, जलजीरा, नारियल पानी और पानी से भरपूर फलों का सेवन लाभकारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। छोटी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है।

वहीं, जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर हीट वेव से संबंधित सहायता और शिकायतों के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। आमजन हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें