देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जल्द ही उत्तराखंड के दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित दौरे के दौरान वे प्रदेश संगठन की गतिविधियों, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति, बूथ स्तर की तैयारियों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य सरकार के कार्यों और संगठनात्मक समन्वय पर भी मंथन होने की संभावना है।
भाजपा संगठन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पहले से ही सक्रिय नजर आ रहा है। पार्टी नेतृत्व लगातार प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय नेतृत्व का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस दौरे के जरिए पार्टी आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति को और धार देने का प्रयास करेगी। वहीं, प्रदेश स्तर पर चल रहे विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की जा सकती है।











