May 11, 2026 6:40 pm

नर्सिंग भर्ती की मांग पर पानी की टंकी पर चढ़ीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सरकार पर अनदेखी का आरोप

देहरादून: राजधानी देहरादून में नर्सिंग भर्ती को लेकर आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों के समर्थन में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Jyoti Rautela भी पानी की टंकी पर चढ़ गईं।

एकता विहार स्थित धरना स्थल पर पिछले 156 दिनों से आंदोलनरत नर्सिंग एकता मंच से जुड़े चार अभ्यर्थी शनिवार अल सुबह सर्वे चौक के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। उनके समर्थन में ज्योति रौतेला भी टंकी पर पहुंचीं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि अन्य आंदोलनकारी नीचे धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

नर्सिंग अभ्यर्थियों का आरोप है कि लंबे समय से धरना और आमरण अनशन के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आंदोलनकारियों का कहना है कि अब तक उनके कई साथियों की तबीयत बिगड़ चुकी है और कई अभ्यर्थियों को अस्पताल तथा आईसीयू तक में भर्ती होना पड़ा, लेकिन सरकार ने कोई समाधान नहीं निकाला।

नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि नर्सिंग भर्ती नियमावली को स्थायी रूप से वर्षवार किया जाए और आईपीएचएस मानकों के अनुसार पूर्व की तरह 2000 पदों पर नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण आंदोलनकारियों को ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें