April 21, 2026 6:35 pm

यमकेश्वर में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए सीएम धामी, कहा —धर्म, ज्ञान और भक्ति का सजीव मार्गदर्शन है भागवत

देहरादून/यमकेश्वर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमकेश्वर स्थित वानप्रस्थ आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत भगवान श्रीकृष्ण का सजीव स्वरूप है, जो मानव को धर्म, ज्ञान और भक्ति के मार्ग पर अग्रसर कर जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से यात्रा अब अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य कर रही है।

सीएम धामी ने कालसी-हरीपुर क्षेत्र में यमुना नदी के तट पर घाट निर्माण, शारदा कॉरिडोर, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर और दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज’ की स्थापना जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रदेश की आर्थिकी और सांस्कृतिक पहचान मजबूत हो रही है।

स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से यमकेश्वर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है, जिससे क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर व्यास पीठ से कथा वाचन कर रहे गोविन्द देव गिरी ने श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म और सत्कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

वहीं, परमार्थ आश्रम के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नैतिक मूल्यों, सेवा भाव और मानवता की ओर प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें