April 9, 2026 3:49 am

उत्तराखंड में सियासी हलचल तेज, कांग्रेस का दावा – पार्टी में शामिल होने को तैयार 12 नेताओं की दूसरी खेप

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी राज्य में अपने संगठन को मजबूत करने के लिए दलबदल की रणनीति पर काम कर रही है। पहले चरण में कुछ नेताओं को पार्टी में शामिल कराने के बाद अब कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं की दूसरी खेप भी तैयार बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस में शामिल होने के लिए 12 नेताओं के नामों पर चर्चा चल रही है। पार्टी स्तर पर इन नामों को लेकर मंथन किया जा रहा है और जल्द ही इन्हें अंतिम रूप दिया जा सकता है। माना जा रहा है कि प्रदेश प्रभारी के आगामी दौरे के दौरान इन नेताओं की कांग्रेस में औपचारिक एंट्री कराई जा सकती है।

हाल ही में कांग्रेस ने दलबदल के पहले चरण में छह नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। इनमें कई ऐसे नेता शामिल थे जो पहले भाजपा से जुड़े रहे हैं और अपने क्षेत्रों में प्रभावशाली माने जाते हैं। इन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राज्य की राजनीति में खासा हलचल देखने को मिली थी।

बीती 28 मार्च को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, घनसाली के पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और लाखन सिंह नेगी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला था।

हालांकि इस दौरान पार्टी के भीतर कुछ राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा अवकाश लेने की बात सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। माना गया कि रामनगर के नेता संजय नेगी की ज्वॉइनिंग को लेकर असहमति के कारण यह स्थिति बनी थी। बाद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बातचीत कर माहौल को सामान्य करने की कोशिश की।

अब स्थिति सामान्य होने के बाद कांग्रेस एक बार फिर अपनी रणनीति को आगे बढ़ाने में जुट गई है। पार्टी दूसरी खेप के रूप में 12 नेताओं को शामिल करने की तैयारी कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि भाजपा के कई वर्तमान विधायक भी कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा रखते हैं, लेकिन कानूनी प्रक्रियाओं और अपने कार्यकाल के कारण अभी खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं।

गणेश गोदियाल के अनुसार कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा रखने वाले नेताओं की संख्या कुल 18 थी, जिनमें से छह नेता पहले ही पार्टी में शामिल हो चुके हैं। शेष 12 नेताओं की सूची तैयार कर हाईकमान को भेजी जा रही है और मंजूरी मिलने के बाद उन्हें भी जल्द पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी।

इसी बीच कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का उत्तराखंड दौरा भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे जल्द ही पांच दिवसीय दौरे पर राज्य में आने वाली हैं और विभिन्न जिलों में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसी दौरे के दौरान कुछ नेताओं की कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा हो सकती है।

वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी इस विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा के कई बड़े नेता कांग्रेस में आने की इच्छा जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऐसे कई नेता कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं जो वर्तमान में भाजपा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें