July 27, 2026 10:50 am

हनुमान जयंती पर रामनगर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, मंदिरों में की पूजा-अर्चना, शीतकालीन यात्रा पर दी जानकारी

रामनगर। हनुमान जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रामनगर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रामनगर के बालाजी मंदिर और हनुमान धाम छोई में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री रामनगर स्थित अग्रवाल सभा में आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और सरकार राज्य के प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। केदारखंड और मानसखंड के धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों का ही परिणाम है कि हर साल राज्य में तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं, ताकि आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

उन्होंने शीतकालीन यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि यह यात्रा लगातार जारी है और चारधाम के कपाट खुलने तक चलती रहेगी। अब तक लगभग एक लाख साठ हजार श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों में दर्शन कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दियों के मौसम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जो राज्य में धार्मिक पर्यटन के बढ़ते महत्व को दर्शाता है। सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को और अधिक मजबूत बनाना है, ताकि उत्तराखंड की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त हो सके।

उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की आस्था से जुड़ा आयोजन है। इसलिए इसकी तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सेवा और सुशासन की भावना के साथ सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

0
Default choosing

Did you like our plugin?

Poola Jada

और पढ़ें