March 26, 2026 5:05 am

वैश्विक तनाव के बीच CM धामी ने पीएम मोदी का संदेश दोहराया, कहा – अफवाहों से बचें और धैर्य रखें

देहरादून: मिडिल ईस्ट में बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से संयम और एकजुटता बनाए रखने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल की तरह इस बार भी धैर्य और सामूहिक प्रयास से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोकसभा और राज्यसभा में देश को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया है कि भारत पहले भी कठिन परिस्थितियों का सामना कर चुका है और एकजुटता के बल पर हर चुनौती से बाहर निकला है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान देशवासियों ने धैर्य, अनुशासन और संसाधनों के सही उपयोग से एक मिसाल पेश की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सजग और सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के साथ लगातार संपर्क में है और हालात पर नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएंगे ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है, जिसका अप्रत्यक्ष प्रभाव भारत पर भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में सरकार और आम जनता के बीच समन्वय और सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम है, बशर्ते सभी लोग धैर्य, अनुशासन और एकजुटता के साथ आगे बढ़ें।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

Poola Jada

और पढ़ें